---Advertisement---

रामगढ़ भाजपा की बैठक में क्या बनी बड़ी रणनीति? संगठन विस्तार से लेकर बूथ मजबूती पर मंथन

 रामगढ़। भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला की मासिक बैठक शुक्रवार को हाथीमारा स्थित जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद तथा जिला प्रभारी सुरेन्द्र महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया।

अपने संबोधन में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर नियमित बैठकों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं, बीएलए-2 प्रशिक्षण, बूथ प्रबंधन और एसआईआर कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने 5 जून से 23 जून तक चल रहे वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और पौधारोपण की जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करने का भी आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों से अधिक समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए 4,399 दिनों का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा करने पर कार्यकर्ताओं ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।

बैठक से पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, जिला प्रभारी सुरेन्द्र महतो और जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला सहित अन्य पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बैठक में जिला, मंडल और मोर्चा स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---