---Advertisement---

धवैया में CCL का बड़ा कदम! जमीन सत्यापन कैंप के बाद R&R लाभ पाने को सक्रिय हुए रैयत

 गोमिया/रामगढ़। रजरप्पा परियोजना के ब्लॉक-2 अंतर्गत ग्राम धवैया स्थित पंचायत भवन में आयोजित दो दिवसीय विशेष अस्थायी कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की पहल पर अंचल कार्यालय गोमिया द्वारा 8 और 9 जून 2026 को आयोजित इस कैंप का उद्देश्य खनन कार्य शुरू होने से पहले प्रभावित रैयतों के भूमि अभिलेखों का सत्यापन, वंशावली जांच तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रियाओं को पूरा करना था।

कैंप में क्षेत्र के लगभग 25 से 30 रैयतों और ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान अंचल कर्मियों और सीसीएल अधिकारियों ने भूमि रिकॉर्ड, खातों और दस्तावेजों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अभिलेखों के सत्यापन की यह प्रक्रिया भविष्य में पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) नीति के तहत मिलने वाले रोजगार, मुआवजा और अन्य सुविधाओं के वितरण को तेज और पारदर्शी बनाने में सहायक होगी।

कैंप के बाद प्रभावित रैयतों में जागरूकता बढ़ी है और वे अपने दस्तावेजों को अद्यतन कराने तथा आर एंड आर नीति के अंतर्गत मिलने वाले लाभ प्राप्त करने के लिए लगातार सीसीएल कार्यालय से संपर्क कर रहे हैं। इससे परियोजना से जुड़े कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

कैंप के दौरान ग्रामीणों ने कुछ ऐसे मुद्दे भी उठाए जो स्थानीय प्रबंधन के अधिकार क्षेत्र से बाहर थे। सीसीएल प्रबंधन ने ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों को लिखित आवेदन देने की सलाह दी, ताकि उच्च स्तर पर कानूनी और प्रशासनिक राय लेकर समाधान की दिशा में कदम उठाए जा सकें।

सीसीएल प्रबंधन का मानना है कि प्रस्तावित ब्लॉक-2 खदान शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

कैंप के सफल संचालन में धवैया के मुखिया तेजलाल महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में अंचल निरीक्षक कुमार चंदन, राजस्व उप निरीक्षक रवि कुमार, अंचल अमीन भागीरथ महतो तथा सीसीएल के अमला अधिकारी (भू एवं रा) बिनोद कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (खनन) हिमांशु कुमार सिंह सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---