---Advertisement---

रामगढ़ में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, जानिए किन बच्चों को मिलेगी खुराक

 रामगढ़। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने और राष्ट्रीय प्रतिरक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से 28 जून से 30 जून 2026 तक विशेष पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों की समीक्षा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय, रामगढ़ के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला की अध्यक्षता सिविल सर्जन-सह-जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान की सफलता के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।

कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एसएमओ डॉ. सुधानन्द ने उपस्थित प्रखंड प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों, एसटीटी, बीटीटी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य समन्वयकों को पोलियो उन्मूलन, टीकाकरण रणनीति और प्रभावी कार्यान्वयन संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रहने देना है।

बैठक में सभी प्रखंडों को सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने, पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि बूथों पर बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स और अन्य प्रचार सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावकों तक अभियान की जानकारी पहुंच सके।

स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित तिथियों में पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। विशेषज्ञों का कहना है कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है और जनसहभागिता से ही इसे पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है।

कार्यशाला का समापन अभियान को सफल बनाने के सामूहिक संकल्प और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---