रामगढ़। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि रामगढ़ जिले में इस वर्ष नीट परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना और आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ शामिल हैं। इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, प्रकाश व्यवस्था तथा बैठने की समुचित सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। अभ्यर्थियों के सुचारू प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती करने को भी कहा गया। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लिया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की संभावना को रोका जा सके। जिला शिक्षा विभाग को परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी नीलम कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।







