---Advertisement---

राष्ट्रपति मुर्मु को भेंट की गई ‘Floral Alchemy’, आखिर क्या है इस खास पुस्तक में?

 देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध प्राकृतिक विरासत, पुष्प-विविधता और सांस्कृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रपति निकेतन, देहरादून में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को विशेष कॉफी टेबल बुक ‘Floral Alchemy’ भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

‘Floral Alchemy’ नामक यह आकर्षक कॉफी टेबल बुक उत्तराखंड की अनूठी पुष्प संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य और लोक भवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले लोकप्रिय वसंतोत्सव की मनमोहक झलकियों को संजोए हुए है। पुस्तक के माध्यम से राज्य की जैव विविधता, रंग-बिरंगे फूलों की प्रजातियों और प्रकृति से जुड़े सांस्कृतिक आयोजनों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राष्ट्रपति को पुस्तक भेंट करते हुए उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर और पर्यावरणीय समृद्धि की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान केवल धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की पुष्प-विविधता और प्राकृतिक संपदा भी देश-दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र है।

यह कॉफी टेबल बुक विशेष रूप से वसंतोत्सव-2026 पर आधारित है, जिसमें लोक भवन परिसर में आयोजित फूलों की प्रदर्शनी, विभिन्न प्रजातियों के आकर्षक पुष्प, उद्यानों की सुंदरता और प्रकृति संरक्षण के संदेश को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक उत्तराखंड की पर्यावरणीय विरासत को दर्शाने के साथ-साथ पर्यटन और प्रकृति प्रेमियों के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुस्तक प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता तथा सांस्कृतिक धरोहर की सराहना की। इस अवसर पर राज्य के विकास, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

यह पहल उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---