रजरप्पा। Central Coalfields Limited के रजरप्पा क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दैनिक गश्ती के दौरान सुरक्षाकर्मियों को सूचना मिली कि कोइहारा बस्ती की ओर से दो ट्रैक्टरों के जरिए सीसीएल स्टॉक से चोरी किए गए कोयले की अवैध ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम ने सेक्शन-1 खदान क्षेत्र अंतर्गत ढंठवा टांड इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षाकर्मियों को 44 नंबर स्टॉक के पीछे से एक सफेद रंग की टाटा सूमो ग्रैंड वाहन संदिग्ध स्थिति में आती दिखाई दी। गश्ती दल ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों के करीब पहुंचते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में कोयला लदा पाया गया। सुरक्षाकर्मियों के अनुसार पहली नजर में ही स्पष्ट हो गया कि वाहन को विशेष रूप से कोयला तस्करी के उद्देश्य से मॉडिफाई कराया गया था। वाहन के अंदर अतिरिक्त जगह बनाकर अवैध कोयला परिवहन को आसान बनाया गया था। वाहन पर अंकित नंबर JH-09R-053 का अंतिम अंक मिटाया हुआ पाया गया, जिससे उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी।
इसी बीच इलाके में तेज रफ्तार से भागते ट्रैक्टरों की आवाज भी सुनाई दी, लेकिन अंधेरा और दुर्गम रास्तों का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे। सुरक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जब्त वाहन को Rajrappa Police Station को सौंप दिया है।
सीसीएल सुरक्षा विभाग की ओर से कोयला चोरी और अवैध परिवहन मामले में थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी हुई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही कोयला तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क नजर आ रही हैं।








