सिरका। कनकी पंचायत के होसीर गांव में शनिवार को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मंडा पूजा महोत्सव का शुभारंभ पटभंगी पूजा के साथ किया गया। धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति से जुड़े इस महोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पूजा-अर्चना के साथ गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पुजारी और शिव भक्तों ने हाथों में धार्मिक ध्वज, कलश यात्रा का पवित्र जल तथा भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमाएं लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान प्रत्येक घर के आंगन में पूजा-अर्चना कर परिवारों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ अनुष्ठान में भाग लिया।
पूजा कार्यक्रम का संचालन पुरोहित सचिन पंडित ने विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। वहीं पुजारी जयलाल मंडारी, दिनेश करमाली और रवि करमाली ने धार्मिक अनुष्ठानों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान शिव भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मंडा पूजा समिति के संरक्षक प्रमोद कुमार महतो और अध्यक्ष गणेश महतो ने बताया कि यह धार्मिक महोत्सव छह दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और पारंपरिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडा पूजा क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार 30 मई की रात मंडा पूजा का मुख्य आयोजन होगा। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के कोटशिला से आए प्रसिद्ध छऊ नृत्य कलाकार अपनी आकर्षक प्रस्तुति देंगे। छऊ नृत्य कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं 31 मई को फुलखुदी, बनस गोथाई और बनस झूला जैसे पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इन अनुष्ठानों को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में समिति के कई पदाधिकारी, ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा सभी ने महोत्सव की सफलता के लिए सामूहिक रूप से सहयोग का संकल्प लिया।







