---Advertisement---

वीकेंड पर मसूरी हुई फुल पैक! 5 किमी लंबे जाम में घंटों फंसे हजारों पर्यटक

देहरादून/मसूरी। वीकेंड पर पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों का जबरदस्त सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शनिवार को बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से मसूरी के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार जेपी बैंड से लेकर जीरो प्वाइंट कैंपटी रोड तक करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात रेंगता हुआ नजर आया। कई पर्यटक अपने वाहनों में घंटों फंसे रहे, जबकि कुछ लोगों ने पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचने का प्रयास किया।

सबसे अधिक दबाव शहर के व्यस्त क्षेत्रों लाइब्रेरी बाजार, मोतीलाल नेहरू मार्ग और हरनाम सिंह मार्ग पर देखने को मिला। इन इलाकों में वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों की भी भारी भीड़ रही। स्थिति ऐसी हो गई कि लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग गया।

वीकेंड और पर्यटन सीजन के चलते अचानक बढ़ी भीड़ के कारण पुलिस और प्रशासन को भी ट्रैफिक नियंत्रण में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लाइब्रेरी चौक पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार यातायात सुचारू करने में जुटे रहे, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण जाम की स्थिति लंबे समय तक बनी रही।

इस ट्रैफिक अव्यवस्था का असर स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों पर भी पड़ा। सुबह स्कूल जाने वाले कई छात्र जाम में फंस गए और उन्हें अपने विद्यालय पहुंचने में लगभग एक घंटे की देरी हुई। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों को भी दिनभर यातायात बाधित रहने से असुविधा का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संयम बरतें। पुलिस और प्रशासन की टीम यातायात को सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आगामी दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं किए जाने की तैयारी की जा रही है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---