चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। चारों धामों में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है और यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। शुक्रवार को एक ही दिन में 89 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि कुल दर्शनार्थियों की संख्या 20 लाख के करीब पहुंच गई है। खास बात यह है कि भारी भीड़ के बावजूद यात्रा व्यवस्थाएं सुचारु बनी हुई हैं, जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास और उत्साह दोनों बढ़े हैं।
केदारनाथ धाम में इस बार सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। अब तक यहां 7 लाख 82 हजार से ज्यादा तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वहीं बद्रीनाथ धाम में 5 लाख 24 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। इसके अलावा गंगोत्री धाम में 3 लाख 34 हजार और यमुनोत्री धाम में 3 लाख 39 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के 34 दिनों के भीतर 19 लाख 80 हजार 437 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं। शुक्रवार को केदारनाथ में सबसे ज्यादा 30,218 श्रद्धालु पहुंचे। बद्रीनाथ में 27,992, यमुनोत्री में 16,201 और गंगोत्री में 14,668 यात्रियों ने दर्शन किए।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
सरकार का दावा है कि बेहतर यात्रा प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात व्यवस्था के कारण इस बार श्रद्धालुओं का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।








