देहरादून में कांग्रेस ने सड़क पर नमाज को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा सरकार और संगठन पर जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग रसोई गैस संकट, बेरोजगारी और परीक्षा घोटालों जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार केवल नमाज, मदरसा और लव जिहाद जैसे मुद्दों को उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने में लगी हुई है।
अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान धस्माना ने कहा कि पहाड़ी जिलों में रसोई गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। लोगों को महीनों तक गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। कई स्थानों पर लोग घंटों लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, लेकिन नंबर आने तक गैस खत्म हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की परेशानियों को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश के हजारों छात्र-छात्राएं भी परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 21 हजार से अधिक छात्र, जिन्होंने दो-दो साल तक नीट परीक्षा की तैयारी की थी, पेपर लीक के कारण प्रभावित हुए हैं। लेकिन इस मुद्दे पर सरकार और भाजपा नेताओं की चुप्पी समझ से परे है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि जब भी सरकार से जनता के मुद्दों पर सवाल पूछे जाते हैं, तो भाजपा नेता हिंदू-मुस्लिम, नमाज, मदरसा, लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे मुद्दों पर बयान देने लगते हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता इस राजनीति को समझने लगी है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।
उन्होंने कहा कि सरकार को धार्मिक और विवादित विषयों के बजाय महंगाई, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस ने सरकार से पहाड़ी क्षेत्रों में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीर कदम उठाने की मांग की है।








