पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में होलकर एजुकेशन ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 31 मई को मोथरोवाला में आयोजित होने वाले देवी अहिल्याबाई होलकर जयंती समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ट्रस्ट द्वारा समाजहित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री धामी ने निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया। उन्होंने इस अवसर पर देवी अहिल्याबाई होलकर के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा, संस्कृति संरक्षण और जनकल्याण का प्रेरणादायक उदाहरण है।
यह भव्य आयोजन “देवी अहिल्याबाई होलकर उत्सव समिति, उत्तराखंड” के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार उत्तराखंड में इस स्तर पर यह पहला आयोजन होगा, जिसे अब हर वर्ष नियमित रूप से आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन के माध्यम से देवी अहिल्याबाई होलकर के विचारों, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में होलकर एजुकेशन ट्रस्ट के ट्रस्टी एडवोकेट पंकज होलकर और ‘गौ, गंगा, गांव और गायत्री’ (4G) संस्था के अध्यक्ष सुभाष भट्ट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस मुलाकात को सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।








