कुजू। सीसीएल तोपा परियोजना क्षेत्र में स्क्रैप चोरी का एक बड़ा प्रयास सुरक्षा विभाग की सतर्कता से विफल हो गया। शिव मंदिर के समीप दिनदहाड़े कुछ लोग गिरे हुए मोबाइल टावर के लोहे को चोरी कर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन समय रहते सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा कर्मियों को देखते ही चोर स्क्रैप छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, तोपा परियोजना के शिव मंदिर के पास एक पुराना मोबाइल टावर गिरा हुआ था। इसी टावर के लोहे को कुछ लोग काटकर और इकट्ठा कर टेंपो पर लादने की तैयारी कर रहे थे। आसपास के लोगों ने संदिग्ध गतिविधि देखकर इसकी सूचना सीसीएल सुरक्षा विभाग को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा विभाग हरकत में आया और तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया।
सुरक्षा विभाग के जवानों के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग घबराकर मौके से भाग निकले। इसके बाद सुरक्षा विभाग ने पूरे क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व शंकर राम और कुंवर महतो ने किया। टीम ने घटनास्थल से करीब एक क्विंटल स्क्रैप लोहा बरामद किया, जिसे बाद में परियोजना स्टोर में सुरक्षित जमा करा दिया गया।
सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि परियोजना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की चोरी या नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा विभाग की इस तत्पर कार्रवाई से परियोजना की संपत्ति को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा विभाग की सक्रियता की सराहना की और कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ी मात्रा में सरकारी संपत्ति चोरी हो सकती थी। प्रबंधन ने आसपास के लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा विभाग या प्रशासन को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।








