---Advertisement---

कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं लू का कहर, जानिए आपके राज्य का मौसम हाल

देशभर में मौसम ने इस समय दो बिल्कुल अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून ने अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में तेजी से दस्तक दे दी है। अगले तीन से चार दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

मॉनसून की सक्रियता के चलते अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी अत्यधिक बारिश होने का अनुमान है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बिहार और झारखंड के लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, बिहार और झारखंड के पश्चिमी हिस्सों में लू का असर जारी रहने की संभावना है।

इसके विपरीत दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी तापमान लगातार बढ़ने की संभावना है।

ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के मैदानी क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। वहीं उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ में रात के समय भी गर्म हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है, जिसके बाद ही लोगों को राहत मिलने की संभावना है।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---