---Advertisement---

कहीं झमाझम बारिश तो कहीं 46°C की आग उगलती गर्मी! जानिए किन राज्यों में मौसम बनेगा आफत

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। एक ओर उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की रफ्तार बढ़ने से कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना बन गई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मॉनसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे देश के करीब 15 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के मुताबिक केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। बिहार और झारखंड में भी मौसम बदलने वाला है। बिहार में 23 मई को हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 24 और 25 मई को दरभंगा, गया, मधुबनी, पूर्णिया और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम सुहावना हो सकता है। हरिद्वार, चमोली, उत्तरकाशी, शिमला, मनाली और कुल्लू में हल्की बारिश के संकेत मिले हैं।

दूसरी तरफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है और तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली में 25 मई तक लू चलने की चेतावनी है, जबकि उत्तर प्रदेश के कानपुर, इटावा, फतेहपुर, कन्नौज, मिर्जापुर और बांदा जैसे इलाकों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

ओडिशा में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। यहां लू और उमस के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 26 जिलों में हीटवेव का असर देखा जा रहा है और कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---