---Advertisement---

रामगढ़ में तीन नए अधिकारियों की एंट्री, विकास और कानून व्यवस्था को लेकर कही बड़ी बात

रामगढ़ जिला प्रशासन में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला, जब तीन नव पदस्थापित वरीय अधिकारियों ने समाहरणालय पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। नए अधिकारियों के रूप में मनींद्र भगत ने अपर समाहर्ता, कृष्ण मुरारी तिर्की ने अनुमंडल पदाधिकारी तथा राजेश एक्का ने जिला परिवहन पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण करने के बाद तीनों अधिकारियों ने संबंधित कार्यालयों के कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जिले के विकास कार्यों को गति देना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।

नव नियुक्त अपर समाहर्ता मनींद्र भगत ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाकर लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी सक्रियता से कार्य करेगा।

इधर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने कहा कि जिले की परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करना, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुविधा और सड़क सुरक्षा के लिए सख्त निगरानी की जाएगी।

प्रशासनिक हलकों में इन नई नियुक्तियों को जिले के विकास और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---