---Advertisement---

भीषण गर्मी में रामगढ़ प्रशासन अलर्ट, हर सार्वजनिक जगह पर शुरू हुई खास व्यवस्था

रामगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशों के बाद उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिलेभर में आम नागरिकों के लिए पेयजल और जरूरी जनसुविधाओं की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंडों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत देने के उद्देश्य से कार्यालय परिसरों के बाहर भी पानी की व्यवस्था की गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिले के कई इलाकों में पियाऊ संचालित किए जा रहे हैं, जहां नियमित रूप से साफ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। संबंधित विभाग इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी कर रहे हैं। प्रशासन ने खराब पड़े चापाकलों को तत्काल दुरुस्त करने और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या अधिक है, वहां वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गर्मी के इस मौसम में नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि लोगों को पेयजल और आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

साथ ही उपायुक्त ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे तेज धूप और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---