---Advertisement---

रामगढ़ में शुरू होगा वोटर लिस्ट का बड़ा सत्यापन अभियान, जानिए कब जारी होगी अंतिम सूची

रामगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा-आपत्ति और बूथ स्तर की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की गई।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि झारखंड में SIR की क्वालीफाइंग डेट 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा मतदान केंद्रों के रैशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी इसी अवधि में पूरी की जाएगी। ड्राफ्ट मतदाता सूची 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होगी, जबकि दावा एवं आपत्तियां 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी।

प्रशासन ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं और सभी बूथों पर जल्द से जल्द बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की नियुक्ति सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान मतदाता मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को सूची से जोड़ने और वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---