रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के बेस वर्कशॉप परिसर में डीजल चोरी की एक बड़ी साजिश को सीसीएल प्रबंधन और रजरप्पा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस और सुरक्षा विभाग की टीम ने घटनास्थल से कई संदिग्ध सामान बरामद किए, जबकि आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 की रात सीसीएल प्रबंधन को सूचना मिली थी कि 12 से 15 की संख्या में कुछ अपराधी बेस वर्कशॉप परिसर में घुसकर डीजल चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही सीसीएल सुरक्षा विभाग और रजरप्पा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान शुरू किया। टीम के पहुंचते ही आरोपी जंगल की ओर भाग निकले।
अभियान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 05 मोटरसाइकिल, 40 लीटर क्षमता वाले 09 गैलन, डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाले पाइप और रस्सियां बरामद कीं। सभी बरामद सामान को जब्त कर रजरप्पा थाना लाया गया है। मामले में सीसीएल प्रबंधन ने कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।
प्रबंधन के अनुसार, आरोपियों में शामिल कई लोगों के खिलाफ पहले भी डीजल चोरी, उत्पादन कार्य में बाधा डालने, मशीनों को रुकवाने, कर्मचारियों को धमकाने और मारपीट जैसी शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इसके बावजूद अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं।
सीसीएल रजरप्पा प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कोयला और डीजल चोरी जैसे मामलों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।








