देहरादून में भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगामी प्रवास कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान तय किया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम उत्तराखंड आगमन पर कार्यकर्ता पारंपरिक परिधानों में उनका उत्साहपूर्ण लेकिन सादगीपूर्ण स्वागत करेंगे।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि नितिन नबीन 28 मई को शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी। पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य रहेगा।
दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी. सी. खंडूरी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और मोर्चा पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग दौर की बैठकें प्रस्तावित हैं। शाम के समय मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग से जुड़े पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा की जाएगी।
प्रवास के अंतिम दिन नितिन नबीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे और बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे बूथ समिति की बैठक और प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे शाम को दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
भाजपा संगठन इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करेगा।








