---Advertisement---

रामगढ़ में ‘हर घर सुरक्षा अभियान’ बना ग्रामीणों का सहारा, घर-घर पहुंची बीमा योजनाएं

रामगढ़ जिले में ग्रामीण परिवारों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा ‘हर घर सुरक्षा अभियान’ का सफल आयोजन किया गया। ग्रामीण विकास विभाग के तहत चलाए गए इस विशेष अभियान में बैंक सखियों और सामुदायिक कैडरों ने गांव-गांव जाकर लोगों को केंद्र सरकार की बीमा योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) की जानकारी दी गई। साथ ही नए नामांकन, वार्षिक नवीकरण और क्लेम प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।

ग्रामीणों को बताया गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 18 से 70 वर्ष तक का कोई भी व्यक्ति मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम देकर दुर्घटना बीमा का लाभ ले सकता है। योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता होने पर 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि मिलती है। वहीं किसी एक अंग के प्रभावित होने पर 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना में सड़क दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा, सांप-बिच्छू के काटने और पानी में डूबने जैसी घटनाएं भी शामिल हैं।

इसी तरह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष तक के लोग 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम देकर जीवन बीमा का लाभ उठा सकते हैं। बीमाधारक की मृत्यु होने पर नामांकित व्यक्ति को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

अभियान के दौरान बीमा क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। विभिन्न पंचायतों और गांवों में जागरूकता रैली, रंगोली और शिविरों का आयोजन किया गया। पतरातू, दुलमी, गोला, चितरपुर और मांडू प्रखंडों के कई गांवों में विशेष कैंप लगाए गए।

प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---