रामगढ़ में जिला प्रशासन ने विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित आधारभूत संरचना और विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीसीएल, विभिन्न कोल परियोजनाओं, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियों द्वारा संचालित कार्यों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने वनाधिकार अधिनियम (एफआरए), भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, एनओसी, ग्राम सभा और अन्य लंबित मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जनहित और विकास से जुड़ी परियोजनाओं का समय पर पूरा होना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों और परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करने और लंबित मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में अंचलवार समीक्षा भी की गई। इस दौरान सभी अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं, भूमि विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण और प्रशासनिक मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तय समयसीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि परियोजनाओं के दौरान सामने आने वाली समस्याओं और अवरोधों की जानकारी समय-समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई कर समाधान निकाला जा सके।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का मानना है कि बेहतर समन्वय से विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।








