---Advertisement---

रामगढ़ में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त

रामगढ़ जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला खनन विभाग लगातार अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पतरातु थाना क्षेत्र के ग्राम सांकुल के पास अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।

जिला खनन कार्यालय के खान निरीक्षक द्वारा की गई जांच में एक नीले रंग का स्वराज 834 एक्सएम ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH23B-5996 बताया गया है। जांच के दौरान ट्रैक्टर के डाले में करीब 100 घनफीट बालू लदा पाया गया। अधिकारियों ने जब चालक से बालू परिवहन से संबंधित दस्तावेज और चालान मांगा तो कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

प्रशासनिक जांच में स्पष्ट हुआ कि ट्रैक्टर मालिक और चालक द्वारा अवैध तरीके से बालू का उठाव कर परिवहन किया जा रहा था। इसके बाद खनन विभाग ने ट्रैक्टर और उसमें लदे बालू को विधिवत जब्त कर लिया। साथ ही वाहन मालिक और अज्ञात चालक के खिलाफ पतरातु थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

अधिकारियों के अनुसार आरोपियों पर सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व को नुकसान पहुंचाने तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 और अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण रोकथाम नियम 2017 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---