---Advertisement---

कड़ाके की ठंड में लोकतंत्र का उत्साह, गंगोत्री बूथ पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त

ज्ञानेश कुमार शनिवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उनका स्वागत मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने झाला हेलीपैड पर किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान और चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव आयोग उन सभी बीएलओ को सैल्यूट करता है, जो समर्पण और मेहनत के साथ एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ ऐप के माध्यम से अधिकारी “एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान कर मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को भी वोटर लिस्ट में जोड़ा जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने बीएलओ श्रीमती मिंटू देवी के कार्यों की विशेष रूप से प्रशंसा की और कहा कि जमीनी स्तर पर उनकी मेहनत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

दौरे के दौरान गंगोत्री धाम स्थित विशेष पोलिंग बूथ का भी निरीक्षण किया गया। यहां साधु-संतों और संन्यासी मतदाताओं के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने विस्तृत संवाद किया। उन्होंने कठिन मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी निभाने के लिए संत समाज की सराहना की।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में हर मतदाता की भूमिका अहम है और दूरस्थ क्षेत्रों में भी मतदान को लेकर जो उत्साह दिखाई देता है, वह भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

चुनाव आयोग द्वारा चलाया जा रहा मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान अब तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---