जिला प्रशासन ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवीय पहल का उदाहरण पेश करते हुए कैंसर पीड़ित परिवार को बड़ी आर्थिक राहत प्रदान की है। रायपुर क्षेत्र के एक जरूरतमंद परिवार की मदद करते हुए प्रशासन ने न केवल उनका 71 हजार रुपये का ऋण माफ कराया, बल्कि अतिरिक्त 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार रायपुर विकासखंड के दूरस्थ ग्राम मालदेवता निवासी संध्या रमोला ने जिलाधिकारी सविन बंसल से मुलाकात कर अपनी आर्थिक परेशानी बताई। उन्होंने प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि उनके पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज हिमालय अस्पताल में चल रहा है। लगातार कीमोथेरेपी और बीमारी के कारण उनके पति काम करने में असमर्थ हो चुके हैं, जिससे पूरे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया।
संध्या रमोला ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग तीन और छह वर्ष है। परिवार की आय का मुख्य स्रोत बंद होने के कारण इलाज, दवाइयों और घरेलू खर्चों को संभालना मुश्किल हो गया था। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह संचालन और स्वरोजगार के लिए वर्ष 2024 में 45 हजार रुपये तथा 2025 में 37 हजार रुपये का बैंक ऋण लिया गया था। पति की गंभीर बीमारी के चलते वह ऋण की किश्तें जमा नहीं कर पाईं, जिसके बाद बैंक द्वारा लगभग 71 हजार रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया गया।
परिवार की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। उन्होंने जिला प्रशासन के सीएसआर फंड से पूरी ऋण राशि बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित बैंक को परिवार को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने के लिए भी कहा गया।
इसके अलावा रायफल क्लब मद से प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से संध्या रमोला के खाते में 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी भेजी गई। प्रशासन की इस पहल से परिवार को बड़ी राहत मिली है।








