---Advertisement---

कृषि भूमि संरक्षण से किसान सम्मान तक, गणेश जोशी करेंगे अभियान का शुभारंभ

 देहरादून। उत्तराखंड में कृषि भूमि संरक्षण और किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 1 जून से राज्यव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। अभियान का शुभारंभ देहरादून के सहसपुर क्षेत्र स्थित ढाकी गांव से होगा, जिसमें प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य रूप से शामिल होंगे।

कृषि विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत किसानों को कृषि भूमि संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री किसानों, कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों के साथ संवाद कर कृषि क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि ‘खेत बचाओ अभियान’ 1 जून से 30 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि भूमि के संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) निर्माण, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों के हितों की रक्षा और कृषि भूमि को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए विभिन्न योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

गणेश जोशी ने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ केवल कृषि भूमि बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों के सम्मान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का एक व्यापक प्रयास है। उन्होंने किसानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और कृषि विकास से जुड़े कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की।

राज्य सरकार को उम्मीद है कि यह अभियान कृषि भूमि संरक्षण के साथ-साथ किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---