देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके विचार भी जाने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक प्रभावी मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों की प्रेरक कहानियों को साझा कर समाज में सकारात्मक सोच और जनभागीदारी को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश लोगों को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों के माध्यम से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे व्यक्तियों और नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशी और पारंपरिक पेय पदार्थों को बढ़ावा देने तथा भारतीय फलों, विशेष रूप से आम की विशेषताओं को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी प्रतिक्रियाएं और सुझाव सुने। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रुचिकर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास ही बड़े बदलावों की नींव बनते हैं। जब कोई व्यक्ति निष्ठा और समर्पण के साथ अच्छा कार्य करता है तो उससे अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।








