रामगढ़। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भैरवी डैम क्षेत्र में विशेष वाहन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों और वाहन मालिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने की सलाह दी गई।
जिला परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने कहा कि लापरवाही और नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है, इसलिए सभी नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए।
जांच अभियान के दौरान कुछ वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए। ऐसे चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा को बढ़ावा दें।
अभियान के दौरान अंचलाधिकारी दुलमी, सर्किल इंस्पेक्टर गोला, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) रामगढ़ सहित परिवहन और प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में आगे भी नियमित जांच और जागरूकता अभियान जारी रहेंगे।







