देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री (स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा) मदन दिलावर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच शिक्षा, पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण, भारतीय संस्कृति के संरक्षण तथा संस्कृत भाषा के संवर्धन सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए नवाचारों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही ग्रामीण विकास, स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने और पंचायतों की भूमिका को अधिक सशक्त बनाने के विषय पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए और बताया कि राज्य सरकार विद्यालयी शिक्षा को मजबूत बनाने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन में राज्यों के बीच आपसी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि विभिन्न राज्यों के सफल अनुभवों का आदान-प्रदान विकास को नई दिशा दे सकता है।
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने उत्तराखंड सरकार द्वारा शिक्षा, संस्कृति संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच शिक्षा, संस्कृति और स्थानीय स्वशासन से जुड़े विषयों पर सहयोग और समन्वय को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए।
इस मुलाकात को उत्तराखंड और राजस्थान के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने तथा विकास से जुड़े अनुभव साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दोनों नेताओं ने भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।







