रामगढ़। जिले में पेयजल व्यवस्था को मजबूत और सुचारू बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से जिले के 1000 चापानलों की मरम्मत कार्य का मंगलवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। इस महत्वाकांक्षी योजना से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।
समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी तथा मांडू विधायक निर्मल महतो ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर योजना का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। जिले के कई क्षेत्रों में लंबे समय से खराब पड़े चापानलों के कारण लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। अब इन चापानलों की मरम्मत होने से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में चिन्हित करीब 1000 चापानलों की मरम्मत चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। योजना पूरी होने के बाद हजारों परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और गर्मी के दौरान जल संकट की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाए कि चापानल लंबे समय तक सुचारू रूप से कार्य करें।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला प्रशासन के अधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिले में शुरू की गई यह योजना आम जनता को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







