---Advertisement---

पत्रकारों के हितों पर बड़ा बयान, राज्य सरकार की नई प्राथमिकता क्या है?

रुड़की। दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने कहा है कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और उनके हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज, सरकार और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं तथा उनकी भूमिका लोकतंत्र को मजबूत बनाने में बेहद अहम है।

नगर निगम सभागार में आयोजित एक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विनय रोहिल्ला ने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज और सरकार पत्रकारों को सम्मान देते हैं तो इससे उनके भीतर कर्तव्यबोध और अधिक मजबूत होता है तथा वे निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पत्रकारों के हितों के संरक्षण और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा को लेकर गंभीर है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी सुभाष नंबरदार ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है और एक सशक्त कलम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखती है। उन्होंने निष्पक्ष और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने यह भी कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में भी प्रिंट मीडिया और समाचार पत्रों का महत्व कम नहीं होगा।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा ने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं और उनकी भूमिका जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम संयोजक एवं पत्रकार पुनीत रोहिल्ला ने कहा कि पत्रकारों को बदलते समय में भी पत्रकारिता के मूल मूल्यों को मजबूत बनाए रखना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों, समाजसेवियों और खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Related Post