देहरादून। Dhirendra Pratap आगामी 16 और 17 मई को उत्तरकाशी जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक और उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप इस दौरान बड़कोट में आयोजित राज्य आंदोलनकारियों के जिला स्तरीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धीरेंद्र प्रताप 16 मई को देहरादून से रवाना होकर मसूरी और नैनबाग मार्ग से बड़कोट पहुंचेंगे। 17 मई को आयोजित सम्मेलन में वह राज्य आंदोलनकारियों को संबोधित करेंगे और आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन में राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुरेंद्र भर्तृवाल और दूसरी उपाध्यक्ष श्रीमती कोठारी को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। बड़कोट आंदोलनकारी समिति के अध्यक्ष वासुदेव डिमरी ने बताया कि सम्मेलन में उत्तरकाशी जिले की विभिन्न तहसीलों, जिनमें पुरोला, बड़कोट, डुंडा और चिन्यालीसौड़ शामिल हैं, से आंदोलनकारियों को बुलाया गया है।
सम्मेलन में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण और आंदोलनकारियों को मिलने वाले 10 प्रतिशत आरक्षण में हो रही देरी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही भविष्य की रणनीति तय करने को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।
इस सम्मेलन को चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हरिकृष्ण भट्ट, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र पोखरियाल, महिला शाखा की अध्यक्ष सावित्री नेगी, केंद्रीय संरक्षक जयप्रकाश उत्तराखंडी और श्रीमती कमला पांडे भी संबोधित करेंगे।
राज्य आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। ऐसे में इस सम्मेलन को आंदोलनकारियों के लिए अहम माना जा रहा है। सम्मेलन में आंदोलनकारियों के अधिकारों, सम्मान और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।
उत्तरकाशी में होने वाला यह सम्मेलन राज्य आंदोलनकारियों के बीच संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








