---Advertisement---

रामगढ़ में तंबाकू के खिलाफ बड़ा अभियान, उपायुक्त ने दिखाई जागरूकता रथ को हरी झंडी

 रामगढ़। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिले में तंबाकू सेवन के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू और उससे बने उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण कार्यक्रम को जिले के हर कोने तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और यह कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी सहित कई गंभीर रोगों का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू से दूरी बनाए रखें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तंबाकू मुक्त वातावरण बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों, इससे बचाव के उपायों तथा सरकार की तंबाकू नियंत्रण योजनाओं की जानकारी देगा।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। साहियाओं द्वारा जागरूकता रैली निकालकर तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया गया। रैली में शामिल महिलाओं ने लोगों से तंबाकू छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

इस अवसर पर सिविल सर्जन प्रभारी डॉ. स्वराज, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी डॉ. तूलिका रानी, एनडीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही तंबाकू मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---