---Advertisement---

घर से लाखों की ज्वैलरी चुराने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे खोला राज

 देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर ज्वैलरी चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

जानकारी के अनुसार शंकरपुर हुकुमतपुर निवासी राज सिंह ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके घर का ताला तोड़कर अंदर रखी कीमती ज्वैलरी चोरी कर ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 30 मई की रात को तीन संदिग्धों को शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर आम के बाग के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमान, फैजान और शहबान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद की गई। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस सफलता से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---