सितारगंज। स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है। 12वीं तिरक ताइक्वांडो इंटरनेशनल टूर्नामेंट-2026 में स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
30 मई से 1 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता में छात्र नवजोत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
वहीं यशमीत सिंह, सहजकिरत सिंह, मनकीरत सिंह, आलमजीत सिंह और दीपांशु कश्यप ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया और रजत पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस सफलता ने विद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
इस उपलब्धि में कोच शिव चरण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण का ही परिणाम रहा कि विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। विशेष बात यह रही कि कोच शिव चरण सिंह ने स्वयं भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का सम्मान बढ़ाया।
विद्यालय के प्रबंधक पलविंदर सिंह औलख ने सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, समर्पण और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या कमलजीत कौर ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय हमेशा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों की इस सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







