---Advertisement---

रानीखेत की सुहानी ने किया कमाल, भारत दर्शन कार्यक्रम के लिए हुई चयनित

नेशनल इंटर कॉलेज रानीखेत की मेधावी छात्रा सुहानी आर्य ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। परिषदीय परीक्षा 2026 में विकासखंड ताड़ीखेत के अंतर्गत सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर उसका चयन राज्य सरकार द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम” के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

शनिवार को विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में छात्रा सुहानी आर्य को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रबंध समिति के सदस्यों ने उसकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य सुनील जोशी ने कहा कि सुहानी ने अपनी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ-साथ देश की संस्कृति, इतिहास और विविधता को समझना भी बेहद जरूरी है। भारत दर्शन जैसे शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम छात्रों को देश को करीब से जानने और उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रधानाचार्य ने कहा कि सुहानी की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और इससे छात्रों में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा पैदा होगी। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में वह शिक्षा के क्षेत्र में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगी।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक मनीष भैंसोडा, अध्यक्ष हर्षवर्धन पंत, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सुहानी आर्य को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---