---Advertisement---

बकरीद से पहले रामगढ़ पुलिस अलर्ट, एसपी ने गोला थाना में दिए सख्त निर्देश

 रामगढ़ में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा मंगलवार को गोला थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों, लंबित मामलों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने थाना में दर्ज लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने बैंक और एटीएम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और बैंकिंग क्षेत्रों में नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को रोका जा सके।

इसके अलावा क्षेत्र में अड्डाबाजी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सघन वाहन एवं पैदल गश्ती बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त निगरानी रखने को कहा गया।

आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को अलर्ट मोड में रहने और अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण और पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---