कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अनारवाला-मालसी मोटर मार्ग पर चल रहे मरम्मत और सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अनारवाला-मालसी मार्ग क्षेत्रवासियों के साथ-साथ पर्यटकों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। ऐसे में सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने बरसात के मौसम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि सड़क किनारे स्थित संभावित खतरे वाले स्थानों को चिन्हित कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसे बड़े पेड़ों की लॉपिंग और छंटाई तत्काल कराई जाए, जो तेज बारिश या आंधी के दौरान दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मार्ग के बीच या आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। मंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी अमित कंवर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता एसडीएस बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, निर्मला थापा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








