---Advertisement---

होन्हे स्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, भावुक माहौल में शिक्षक को दी विदाई

रजरप्पा। दुलमी प्रखंड स्थित जनता उच्च विद्यालय होन्हे में प्रतिभा सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन उत्साह और भावुक माहौल के बीच किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, वहीं लंबे समय तक सेवा देने वाले उर्दू शिक्षक मोइनुद्दीन अंसारी को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह के दौरान विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम दस स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापक द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही विद्यालय के पूर्व प्राचार्य राजनंदन महतो ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग देकर सम्मानित किया। मेधावी छात्रों को सम्मान मिलने से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सहायक शिक्षक मोइनुद्दीन अंसारी का विदाई समारोह रहा। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें वस्त्र, बैग, छाता, जूता, छड़ी, थर्मस बोतल सहित कई उपहार भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान शिक्षक और छात्रों के बीच भावुक पल भी देखने को मिले।

मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के सचिव गंगाधर महतो उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। पूर्व प्राचार्य राजनंदन महतो ने कहा कि शिक्षा ही समाज को नई दिशा देने का सबसे बड़ा माध्यम है और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए।

कार्यक्रम में होन्हे पंचायत के मुखिया राजीव मेहता, पूर्व पार्षद एवं विद्यालय प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार महतो, मिन्हाज अंसारी, राहुल कुमार पाण्डेय, बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर कुमार मंगलेश, मुरतजा अंसारी सहित विद्यालय के कई शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानाध्यापक नरोत्तम कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं और शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने का अवसर प्रदान करते हैं।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---