---Advertisement---

रामगढ़ में भव्य परशुराम जन्मोत्सव, ब्राह्मण समाज की एकजुटता ने खींचा सबका ध्यान

रामगढ़ में विश्व ब्राह्मण संघ और विप्र फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भगवान परशुराम जन्मोत्सव महासमागम का भव्य आयोजन किया गया। गुरु नानक स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल हुए। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र और भगवान परशुराम की स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद यदुनाथ पांडे और विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद रविंद्र पांडे रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व ब्राह्मण संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं विप्र फाउंडेशन के झारखंड संगठन महामंत्री प्रदीप कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर प्रदीप शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम सत्य, साहस और धर्म की रक्षा के महान प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं।

विप्र फाउंडेशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने अरुणाचल प्रदेश स्थित परशुराम कुंड और परशुराम विद्या पीठ के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। समाज की बेटियों और बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

पूर्व सांसद यदुनाथ पांडे और रविंद्र पांडे ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सांस्कृतिक रूप से मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं। कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज से जुड़े पत्रकारों और प्रतिभावान बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में प्रदेश सचिव कृष्ण उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष महेश मिश्रा, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष इला रानी पाठक सहित कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। अंत में जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडे ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---