---Advertisement---

मानसून से पहले सरकार अलर्ट, सड़कों से लेकर बिजली-पानी तक CS ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। Anand Bardhan ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए सभी विभागों और जिलों को 24×7 अलर्ट मोड पर काम करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने साफ कहा कि मानसून के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि मानसून के साथ-साथ वर्तमान में चल रही Char Dham Yatra को देखते हुए आने वाले महीने बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण रहेंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत तत्काल पूरी की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों की अग्रिम तैनाती और बैली ब्रिज का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बिजली और पेयजल विभाग को ट्रांसफॉर्मर, विद्युत लाइनों और पेयजल पाइपलाइनों की पूर्व मरम्मत करने के निर्देश दिए गए, ताकि भारी बारिश के दौरान जल और बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित न हो। वहीं शहरी विकास विभाग और नगर निकायों को नालों और नालियों की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि जलभराव की स्थिति किसी भी हाल में नहीं होनी चाहिए तथा नदी-नालों के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा बनने वाले अतिक्रमण हटाए जाएं।

बैठक में नदी तटीय क्षेत्रों की संवेदनशीलता पर विशेष चिंता व्यक्त की गई। मुख्य सचिव ने नदियों के चैनलाइजेशन और नदी मार्गों में जमा आरबीएम हटाने के निर्देश दिए, ताकि कटाव और बाढ़ से आबादी एवं आधारभूत ढांचे को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संसाधनों की कमी नहीं आने देगी, लेकिन विभागों को समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

Vinod Kumar Suman ने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और मानसून के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में वर्तमान में 525 हाइड्रोमेट सेंसर सक्रिय हैं और 03 डॉप्लर वेदर रडार कार्य कर रहे हैं, जबकि 03 नए रडार और लगाए जाएंगे। पिथौरागढ़ में रेडियो सांडे एवं रेडियो विंड प्रणाली स्थापित करने की भी योजना है।

मुख्य सचिव ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को गैस, राशन, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को जलजनित और संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने, फॉगिंग अभियान चलाने और हेली एम्बुलेंस सेवाएं तैयार रखने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर आपदा से जुड़े फर्जी वीडियो और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर भी प्रशासन सख्त रहेगा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---