---Advertisement---

डॉ. धन सिंह रावत का बड़ा ऐलान, अब गांव में मिलेगी प्रोफेशनल शिक्षा और रोजगार

पौड़ी जिले के पैठाणी क्षेत्र को जल्द ही उत्तराखंड के बड़े व्यावसायिक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में यह बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि युवाओं को घर के पास ही बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल सकें।

डॉ. रावत ने बताया कि अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में बीटेक, बीएड, एमबीए और एमसीए जैसे प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज आने वाले समय में उद्योगों और बाजार की जरूरतों के अनुसार नए-नए तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करेगा, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कॉलेज को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल, ऑडिटोरियम और प्राचार्य आवास का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही परिसर में ओपन जिम, प्रतीक्षालय और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने की भी योजना है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रावत ने महाविद्यालय परिसर में निर्मित “शौर्य दीवार” का अनावरण किया और नई पेयजल टंकी का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘बनास’ और रसायन विज्ञान की पुस्तक का विमोचन करते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत सम्मानित किया।

इसके अलावा मंत्री ने पैठाणी और आसपास के गांवों में जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर नशा और अपराध मुक्त समाज बनाने में सहयोग का आह्वान किया। साथ ही राहु मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---