भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने संगठन विस्तार के तहत युवा नेता देवेश कुमार को ऊधम सिंह नगर जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
देवेश कुमार लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में रहकर कई वर्षों तक कार्य किया है। छात्र राजनीति में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है। वह सितारगंज महाविद्यालय छात्र संघ के सचिव पद पर निर्वाचित हुए थे और छात्र हितों को लेकर कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व कर चुके हैं। अपने सक्रिय और संघर्षशील स्वभाव के कारण उन्होंने प्रदेश स्तर पर अलग पहचान बनाई।
नई जिम्मेदारी मिलने पर देवेश कुमार ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता मानते हैं, लेकिन संगठन ने उन पर भरोसा जताते हुए इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।
देवेश कुमार ने प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करती रही है।
उन्होंने अपने सभी वरिष्ठ नेताओं, मार्गदर्शकों, शुभचिंतकों और साथियों का भी आभार जताया और कहा कि संगठन द्वारा मिली जिम्मेदारी को वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ निभाएंगे।








