रामगढ़। Rituraj की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में राजस्व, नीलाम पत्र वाद और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित मामलों और राजस्व वसूली की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजस्व संग्रहण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने उत्पाद, खनन, परिवहन, विद्युत और अन्य विभागों से प्राप्त राजस्व लक्ष्य और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को अगले एक माह तक विशेष अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से नियमित निगरानी और आपसी समन्वय के साथ वसूली कार्यों में तेजी लाने को कहा।
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला और अनुमंडल स्तर के अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को संभावित प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर सतर्क रहने, राहत एवं बचाव कार्यों की अग्रिम तैयारी रखने और आपदा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित समय सीमा में लंबित मामलों का निपटारा करने को कहा गया। वहीं परिशोधन पोर्टल के माध्यम से भूमि संबंधी सेवाओं और दस्तावेज सुधार से जुड़े आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर भी जोर दिया गया।
बैठक में Kumari Geetanjali, Anurag Kumar Tiwari, Deepti Priyanka Kujur सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।








