देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 36 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण सड़क, पेयजल, मंदिर सौंदर्यीकरण, बिजली, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत छह नई ग्रामीण सड़क योजनाओं के लिए 23.86 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित अश्ववंशीय पशुओं के बीमा के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से 1.05 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के तामली क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए लिफ्ट पेयजल योजना को भी मंजूरी दी। इस योजना के लिए 14.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है।
इसके अलावा बनबसा नगर पंचायत में खराब सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र सल्ट के मुख्य बाजारों में 10 हाई मास्क लाइट लगाने, महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण और हरबर्टपुर क्षेत्र में सुरक्षा दीवार एवं पुलिया निर्माण के लिए भी बजट मंजूर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा और पौड़ी जिलों के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में 220/33 केवी विद्युत स्टेशन स्थापना परियोजना के लिए 3 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी किया गया।
इसके साथ ही किच्छा विधानसभा क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क एवं तालाब सौंदर्यीकरण तथा राजा हरूहीत मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरूकुल गांव में निर्मित सामुदायिक भवन का नाम पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर के नाम पर रखने को भी मंजूरी दी है। अब यह भवन “स्व. दीपक पुंडीर सामुदायिक भवन” के नाम से जाना जाएगा।








