रामगढ़ में बढ़ती गर्मी, पेयजल संकट और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा रामगढ़ जिला इकाई के बैनर तले आयोजित इस आक्रोश प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने सिर पर मटका रखकर नेशनल हाईवे-23 स्थित कोर्ट मोड़ से जिला समाहरणालय तक मार्च निकाला और समाहरणालय परिसर के बाहर मटका फोड़कर सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
प्रदर्शन के दौरान “हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ”, “पानी-बिजली दो” और “जनता त्रस्त, सरकार मस्त” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। भीषण गर्मी में पानी और बिजली की समस्या से परेशान लोगों का आक्रोश साफ देखने को मिला।
कार्यक्रम प्रभारी और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से हर घर नल से जल योजना के लिए पर्याप्त राशि भेजी गई, लेकिन राज्य सरकार ने उसका सही उपयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार केवल केंद्र को बदनाम करने में लगी हुई है, जबकि जमीनी स्तर पर लोग पानी और बिजली के लिए परेशान हैं।
मौके पर मौजूद बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मटका फोड़कर सोई हुई सरकार को जगाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द समस्या का समाधान नहीं करती है तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मोदी सरकार की नल-जल योजना को राज्य सरकार द्वारा जानबूझकर लटकाया और भटकाया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि कागजों पर योजना को लगभग 45 प्रतिशत पूरा दिखाया जा रहा है, जबकि कई जिलों में लोगों को अब भी शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा।
भाजपा ने सरकार से कई मांगें भी रखीं। इनमें निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना, बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेना, जले हुए ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलना, फर्जी बिजली बिलों की जांच, बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत, नल-जल योजना को शीघ्र पूरा करना और पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना शामिल है। साथ ही अस्पतालों और छात्रावासों में लगातार बिजली और पानी उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
इस प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, महिला कार्यकर्ता और सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








