देहरादून। वीकेंड पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ और लगातार लगने वाले जाम से निपटने के लिए Dehradun Police ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और देहरादून आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक की संयुक्त निगरानी में यह विशेष योजना तैयार की गई है। ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए आशारोड़ी और डोईवाला से मसूरी तक के मार्ग को 4 सुपर जोन, 10 जोन और 19 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पूरे रूट पर कुल 130 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखने के लिए दो विशेष ड्रोन टीमें भी बनाई गई हैं। ये टीमें देहरादून शहर, मसूरी मार्ग और अन्य प्रमुख रूटों पर लगातार निगरानी रखेंगी। पुलिस का कहना है कि ड्रोन मॉनिटरिंग के जरिए जाम की स्थिति बनने से पहले ही यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त यातायात कर्मियों की तैनाती की है। साथ ही वीकेंड के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने पर जरूरत के अनुसार डायवर्जन प्लान भी लागू किया जाएगा।
देहरादून पुलिस ने आम लोगों और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन चालक केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी रूट प्लान व डायवर्जन व्यवस्था में सहयोग करें।
हर वीकेंड पर मसूरी और देहरादून की ओर पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंचती है, जिसके चलते लंबा जाम लगने की समस्या बनी रहती है। ऐसे में पुलिस का यह नया ट्रैफिक प्लान लोगों को राहत देने और सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








