Pushkar Singh Dhami ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं और विकास योजनाओं को गति देने के लिए 1344 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस बड़ी मंजूरी में बिजली, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, पार्किंग, आवासीय भवन निर्माण, बद्री गाय संरक्षण और जिला योजनाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं।
सरकार द्वारा विभिन्न जिलों में विकास कार्यों के लिए अलग-अलग मदों में धनराशि स्वीकृत की गई है। Nainital के बिठौरिया क्षेत्र में नलकूप निर्माण के लिए 63.62 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं Bageshwar के कपकोट क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन स्थापना हेतु 6.54 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए पहली किश्त जारी की गई है।
Dehradun कैंट क्षेत्र में बंच केबिल कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा उधम सिंह नगर के किच्छा में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क और तालाब सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग के अंतर्गत भराड़ीसैंण क्षेत्र में बद्री गाय संरक्षण और संवर्धन के लिए 30.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी है। वहीं देहरादून के नए जिला न्यायालय परिसर की विशेष सेवाओं और सफाई व्यवस्था के लिए 4.39 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजनाओं हेतु 1018 करोड़ रुपये जिलाधिकारियों के अधीन रखने का निर्णय लिया है। साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली टैरिफ में राहत देने के लिए 100 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान में से 27.74 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए Uttarakhand Tourism Development Board को 55 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि मंजूर की गई है। इसके अलावा कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर नाबीढांग में इग्लू हट निर्माण और जामणीखाल में पार्किंग निर्माण जैसी योजनाओं को भी मंजूरी मिली है।








