---Advertisement---

सीसीएल रजरप्पा की बड़ी कार्रवाई, जंगलों में छिपाया गया 210 टन अवैध कोयला जब्त

रामगढ़। Central Coalfields Limited के रजरप्पा क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षादल ने लगभग 210 टन अवैध कोयला जब्त किया है। यह कार्रवाई 15 मई 2026 की सुबह भूचूँगडीह गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

छापेमारी अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा ने किया। सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व और कोयला चोर रजरप्पा परियोजना और वाशरी रेलवे साइडिंग से कोयला चोरी कर जंगलों और झाड़ियों में भारी मात्रा में छिपाकर रख रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद सुरक्षा टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की।

अभियान के दौरान अलग-अलग जगहों से करीब 210 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। जब्त किए गए कोयले को विधिवत रजरप्पा परियोजना प्रबंधन को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा ने कहा कि सीसीएल की संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोयला चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल न हों और ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत सुरक्षा विभाग को दें।

उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में रेलवे साइडिंग से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, रेलवे रैक पर चढ़कर कोयला चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है और इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

सीसीएल रजरप्पा सुरक्षादल ने साफ किया है कि कोयला और डीजल चोरी रोकने के लिए निगरानी, गश्त और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस छापेमारी अभियान में वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक नकुल नायक, सुरक्षा निरीक्षक अजय कुमार राणा, सुरक्षा गार्ड दशरथ ओरांव समेत गृह रक्षावाहिनी के जवान भी शामिल रहे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---