IIT कानपुर के सहयोग से खटीमा में शुरू हुआ साथी केंद्र, छात्रों को मिलेगा लाभ
देहरादून। उत्तराखंड के खटीमा में सोमवार को राज्य का पहला “साथी केंद्र” शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में इस केंद्र का उद्घाटन किया। यह केंद्र आईआईटी कानपुर के सहयोग से स्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी देश का सामाजिक और आर्थिक विकास उसकी शिक्षा की गुणवत्ता पर आधारित होता है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार की पहल की थी। इसी कड़ी में वर्ष 2023 में “प्रोजेक्ट साथी” की शुरुआत की गई, जिसका लक्ष्य दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है।
धामी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत आईआईटी और आईआईएससी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रोफेसर ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवा रहे हैं। वर्तमान में इंजीनियरिंग, मेडिकल, बैंकिंग, रेलवे और क्लैट जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। खटीमा स्थित इस साथी केंद्र में 80 विद्यार्थियों को ऑफलाइन कोचिंग और मेंटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का लाभ खटीमा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को मिलेगा। अब तक देशभर में 15 लाख से अधिक विद्यार्थी “प्रोजेक्ट साथी” से लाभान्वित हो चुके हैं। उत्तराखंड में भी लगभग 29 हजार छात्र इस योजना से जुड़े हैं और पिछले वर्ष 500 से अधिक विद्यार्थियों ने इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न परीक्षाओं में सफलता पाई।
धामी ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क का निर्माण कर वैज्ञानिक शोध को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
राज्य सरकार “मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना” के तहत प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक का शोध अनुदान और उत्कृष्ट शोध पत्रों के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार भी दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ नए महाविद्यालयों की स्थापना और मौजूदा संस्थानों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य हो रहा है।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।








