रामगढ़। जिले के छत्तरमांडू क्षेत्र स्थित सरना टोला में एक बुलेट मोटरसाइकिल पिछले करीब 20 दिनों से मुख्य सड़क किनारे लावारिस अवस्था में खड़ी है। बाइक के लंबे समय से वहीं खड़े रहने के कारण स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि बाइक के मालिक की कुछ समय पूर्व एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, जिसके बाद से यह वाहन बिना देखरेख के सड़क किनारे खड़ा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के परिजन अब तक बाइक को अपने साथ ले जाने नहीं पहुंचे हैं। इस वजह से वाहन खुले में खड़ा है और उसके चोरी होने या असामाजिक तत्वों के हाथ लगने की आशंका बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रात के समय सुनसान माहौल में यह बाइक अपराधियों के लिए आसान निशाना बन सकती है।
समाजसेवी अंगेश सिंह ने इस मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों से जल्द से जल्द बाइक को अपने कब्जे में लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश परिजन वाहन लेने नहीं आते हैं तो स्थानीय पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करते हुए बाइक को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में लेना चाहिए।
अंगेश सिंह ने कहा कि लंबे समय तक सार्वजनिक स्थान पर लावारिस वाहन खड़ा रहने से सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में वाहन चोरी होने, क्षतिग्रस्त होने या किसी गलत गतिविधि में इस्तेमाल किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर वाहन के स्वामित्व और स्थिति की पुष्टि की जाए तथा आवश्यक कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी अप्रिय घटना की संभावना बढ़ सकती है।
फिलहाल यह बुलेट सरना टोला की मुख्य सड़क पर खड़ी है और स्थानीय लोगों की निगाहें अब परिजनों एवं प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।







